नई विधा — नीमच न्यूज़

बिजली कटौती से भड़के किसान: रतनगढ़ में ग्रिड का घेराव, कुकड़ेश्वर में चक्काजाम; तीन दिन का अल्टीमेटम

स्थानीय · नीमच · · अपडेट: · नई विधा डेस्क

बिजली कटौती से भड़के किसान: रतनगढ़ में ग्रिड का घेराव, कुकड़ेश्वर में चक्काजाम; तीन दिन का अल्टीमेटम

स्थान: रतनगढ़ एवं कुकड़ेश्वर, मध्य प्रदेश।

अघोषित बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग से परेशान किसानों का गुस्सा शनिवार रात सामने आया। रतनगढ़ क्षेत्र में कई गांवों के ग्रामीण 33 केवी विद्युत ग्रिड पहुंच गए, वहीं कुकड़ेश्वर क्षेत्र में किसानों ने धंधेरी पुलिया के पास नीमच-झालावाड़ रोड पर चक्काजाम कर दिया। दोनों स्थानों पर करीब एक घंटे तक विरोध प्रदर्शन चला। विद्युत विभाग के अधिकारियों से व्यवस्था में सुधार का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

रतनगढ़ में ग्रामीणों ने ग्रिड पहुंचकर की नारेबाजी

रतनगढ़ क्षेत्र के मुंजालिया, बधावा, कसरावदिया और देवड़िया सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण शनिवार रात जाट रोड स्थित 33 केवी विद्युत ग्रिड पहुंचे। ग्रामीणों ने बिजली कटौती के विरोध में नारेबाजी करते हुए नियमित बिजली आपूर्ति की मांग की। वे करीब एक घंटे तक ग्रिड परिसर में डटे रहे और अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की।

सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के एई ओंकार प्रसाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि बिजली कटौती भोपाल स्तर से हो रही है। दो दिन में व्यवस्था सुधारने का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण शांत हुए।

कुकड़ेश्वर में नीमच-झालावाड़ रोड पर चक्काजाम

कुकड़ेश्वर क्षेत्र में बिजली कटौती से नाराज किसानों ने धंधेरी पुलिया स्थित बालाजी मंदिर के पास नीमच-झालावाड़ रोड पर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना पर पहुंची कुकड़ेश्वर पुलिस ने किसानों को समझाइश दी। करीब एक घंटे बाद आश्वासन मिलने पर जाम हटाया गया और यातायात बहाल हुआ।

सिंचाई प्रभावित, शाम की कटौती से घरेलू कामकाज भी प्रभावित

किसानों का कहना है कि रात में पर्याप्त बिजली नहीं मिलने और बार-बार ट्रिपिंग के कारण फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। किसानों के अनुसार, 10 घंटे बिजली आपूर्ति के दावों के बावजूद नियमित आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। शाम 6 से 8 बजे तक बिजली कटौती होने से ग्रामीणों को घरेलू कामकाज में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

तीन दिन में सुधार नहीं हुआ तो ग्रिड घेराव की चेतावनी

किसान नेता राजकुमार अहीर ने बिजली समस्या को लेकर विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंता से चर्चा कर किसानों की परेशानी उठाई। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति का समय निर्धारित करने और अनावश्यक कटौती रोकने की मांग की।

अधिकारियों की ओर से दो से तीन दिन में व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया गया है। किसान नेता ने चेतावनी दी कि तीन दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसान विद्युत ग्रिड का घेराव करेंगे। इसके साथ ही विभागीय कार्यालय पर प्रदर्शन और मुख्य मार्गों पर चक्काजाम करने की चेतावनी भी दी गई है।

मंडी भाव: आज का नीमच मंडी भाव

टैग: किसानसमाचार, बिजलीकटौती, रतनगढ़, कुकड़ेश्वर, नीमच, किसानआंदोलन, मध्यप्रदेशसमाचार

और पढ़ें: नीमच की सभी खबरें · नीमच लोकल न्यूज़ — शहर और गांव की खबरें · नीमच न्यूज़ होम