पटवारियों का प्रदर्शन, ऑनलाइन राजस्व कामकाज ठप करने की चेतावनी

नीमच। देवास जिले में पटवारियों की सेवा समाप्ति और प्रदेश के अन्य जिलों में की जा रही निलंबन व अनुशासनात्मक कार्रवाई के विरोध में बुधवार को नीमच जिले के पटवारियों ने प्रदर्शन किया। मध्यप्रदेश पटवारी संघ के प्रांतीय संगठन के आह्वान पर पटवारियों ने अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (ADM) को ज्ञापन सौंपकर अपनी नाराजगी जताई।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि संबंधित कार्रवाई तुरंत वापस नहीं ली गई तो प्रदेशभर का पटवारी संवर्ग ऑनलाइन राजस्व कार्यों से विरत रहेगा।
देवास की कार्रवाई को लेकर विरोध
पटवारी संघ के ज्ञापन में कहा गया कि देवास जिले में ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026’ सहित अन्य शासकीय कार्यों को आधार बनाकर कुछ पटवारियों की सेवाएं समाप्त की गई हैं। वहीं, अन्य जिलों में भी पटवारियों के खिलाफ निलंबन और अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने का दावा किया गया है।
संघ का कहना है कि स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में आने वाली कानूनी और व्यावहारिक कठिनाइयों से शासन को पहले ही लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका था। इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर की समस्याओं के लिए पटवारियों को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।
ऑनलाइन राजस्व कार्यों के बहिष्कार की चेतावनी
संघ के अनुसार, आंदोलन की रणनीति के तहत 7 अक्टूबर से पटवारी ऑनलाइन राजस्व कार्यों का बहिष्कार करेंगे। इसमें नामांतरण, सीमांकन, डिजिटल हस्ताक्षर सहित अन्य ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित करने की चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा पटवारियों ने शासकीय वॉट्सऐप और अन्य आधिकारिक डिजिटल समूहों से बाहर निकलने की भी बात कही है।
पटवारी संघ ने कहा कि देवास में सेवा समाप्ति और अन्य जिलों में की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई बिना शर्त वापस होने तक आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। संघ ने यह भी चेतावनी दी कि भविष्य में प्रदेश के किसी भी जिले में पटवारी के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई होने पर प्रदेशभर के पटवारी तत्काल काम बंद कर सकते हैं।