संतरे के बगीचे में उगा रखे थे गांजे के पौधे, 107 पौधे जब्त: आरोपी गिरफ्तार

गरोठ। थाना गरोठ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम साठखेड़ा में एक खेत से गांजे के 107 हरे पौधे जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार इन पौधों को संतरे के बगीचे के बीच उगाया गया था।
पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम साठखेड़ा निवासी कारूलाल मीणा पंडेरिया रोड स्थित अपने खेत में संतरे के बगीचे के बीच गांजे के पौधे उगा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खेत पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के 107 हरे पौधे जब्त किए। पुलिस ने जब्त पौधों की अनुमानित कीमत करीब ₹1 लाख बताई है। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पुलिस ने कारूलाल पिता राधेश्याम मीणा (30), निवासी ग्राम साठखेड़ा को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ थाना गरोठ में अपराध क्रमांक 403/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8/20(ए) में प्रकरण दर्ज किया गया है।
मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ राम सनेही मिश्रा एवं एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी गरोठ उपनिरीक्षक बलवीरसिंह यादव के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में सउनि जसवंतसिंह चंदेल सहित पुलिस टीम का योगदान रहा।