महू रोड पर 1 किलोमीटर लंबा जाम, सड़क निर्माण की अव्यवस्था से राहगीर परेशान

नीमच। शहर के व्यस्ततम महू रोड पर सड़क निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित होने का मामला सामने आया है। शनिवार शाम डी-मार्ट के समीप सड़क का हिस्सा खुदा होने और सड़क किनारे बेतरतीब वाहनों के खड़े रहने से करीब 1 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
जाम के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई वाहन चालक काफी देर तक जाम में फंसे रहे। सड़क का हिस्सा खुद जाने से मार्ग संकरा हो गया था, वहीं दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही और सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण स्थिति और बिगड़ गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क निर्माण एजेंसी द्वारा सड़क खोदने के बाद यातायात को सुचारु रखने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। निर्माण स्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग और सुरक्षा संकेतक नहीं होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शाम के समय महू रोड पर पहले से ही वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक यातायात व्यवस्था और मौके पर पर्याप्त निगरानी नहीं होने से जाम की स्थिति और गंभीर हो गई।
राहगीरों का कहना है कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन निर्माण के दौरान आम लोगों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा इंतजामों की कमी से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क सुरक्षा, अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अब सवाल यह है कि संबंधित निर्माण एजेंसी द्वारा सड़क निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था क्यों नहीं की गई और जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा मौके की निगरानी किस स्तर पर की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निर्माण कार्य के दौरान यातायात सुचारु रखने, आवश्यक बैरिकेडिंग एवं संकेतक लगाने और जाम की स्थिति से बचने के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।